छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 79 वर्षीय महिला के बैंक खाते से 13 बार में कुल 2 लाख 79 हजार रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है. जोगीडोंगरी सारबहरा निवासी रतन बाला साहा ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
रतन बाला साहा का खाता भारतीय स्टेट बैंक की गौरेला शाखा में है. वह 7 मई 2026 को खाते में जमा राशि का विवरण लेने बैंक पहुंची थीं. स्टेटमेंट की जांच करने पर उन्हें खाते में रकम असामान्य रूप से कम मिली. विवरण से पता चला कि 3 अप्रैल से 6 मई 2026 के बीच 13 संदिग्ध लेन-देन के जरिए राशि निकाली गई.
महिला के अनुसार, उन्होंने इनमें से कोई लेन-देन खुद नहीं किया और न ही किसी अन्य व्यक्ति को खाते से रकम निकालने की अनुमति दी थी. इसके बाद उन्होंने साइबर सेल गौरेला में शिकायत दर्ज कराई. नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर उनकी शिकायत भी दर्ज की गई है.
पीड़िता ने गौरेला थाने में लिखित आवेदन देकर संदिग्ध लेन-देन की जांच, रकम निकालने वाले व्यक्ति की पहचान और राशि वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब बैंक खाते से हुई निकासी और उससे जुड़े व्यक्ति या माध्यम की जानकारी जुटा रही है.
