रायपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश टेनिस संघ (CSTA) के मानद सचिव गुरुचरण सिंह होरा ने ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) के आगामी चुनाव में महासचिव पद के लिए चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टेनिस उनके लिए केवल खेल नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और आजीवन प्रतिबद्धता है.
होरा के मुताबिक, उनका ध्यान जमीनी स्तर पर टेनिस को मजबूत करने, जूनियर खिलाड़ियों के विकास और भारतीय टेनिस के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर रहेगा. उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भारतीय टेनिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई.
उन्होंने कहा कि जमीनी, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर टेनिस के विकास, खिलाड़ियों के समर्थन और खेल प्रशासन के ढांचे को मजबूत करने के लिए उन्होंने लगातार काम किया है. मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा और व्यवसायिक अनुभव के साथ उन्होंने खेल प्रशासन में पेशेवर और संरचनात्मक सोच को प्राथमिकता देने की बात कही.
खेल प्रशासन में विभिन्न जिम्मेदारियां
होरा वर्तमान में AITA के संयुक्त सचिव (अंतरिम) और छत्तीसगढ़ राज्य टेनिस एसोसिएशन के महासचिव हैं. वे 1994 से रायपुर के यूनियन क्लब में अध्यक्ष या सचिव की भूमिका निभाते रहे हैं. वर्ष 2020 से 2024 तक वे छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव रहे. इससे पहले 1989 से 2002 तक छत्तीसगढ़ शतरंज एसोसिएशन के सचिव और 1996 से 2000 तक रायपुर डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली.
उनके अनुभव में डेविस कप मुकाबलों, 2010 के नई दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स और 2025 में लंदन में आयोजित विंबलडन चैंपियनशिप से जुड़ा काम भी शामिल है. वे भारत-टोगो और भारत-स्विट्जरलैंड डेविस कप मुकाबलों के साथ अक्टूबर 2023 में डरबन में भारतीय टेनिस टीम से जुड़े रहे. 2022 में भारत-डेनमार्क और 2023 में भारत-मोरक्को डेविस कप में भी वे AITA के कार्यकारी सदस्य के रूप में जुड़े थे.
रायपुर अकादमी का भी किया उल्लेख
होरा ने बताया कि CSTA के मानद सचिव के रूप में उन्होंने रायपुर में अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी की स्थापना में योगदान दिया. उनके अनुसार, करीब 25 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित इस अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
उन्हें छत्तीसगढ़ शासन का शहीद विनोद चौबे सम्मान 2024 में मिला है. वे छत्तीसगढ़ शासन की खेल सलाहकार समिति के लिए नामित भी रहे हैं. होरा ने साथी खिलाड़ियों, खेल संगठनों और टेनिस प्रेमियों से समर्थन की अपील की है.
