कोरबा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरुवार दोपहर गुरसियां के पास पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर में आग लग गई. टैंकर में करीब 4 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लदा था. आग लगते ही चालक और कंडक्टर टैंकर से कूद गए, जिससे दोनों की जान बच गई.

टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्रफनगर जा रहा था. चालक दीपक कुमार के मुताबिक, गुरसियां के पास एक होटल में खाना खाने के लिए टैंकर रोका गया था. खाना खाने के बाद वाहन स्टार्ट करने के लिए चाबी ऑन कर सेल्फ मारते ही बैटरी से धुआं निकलने लगा और आग भड़क गई.

आग बुझाने की कोशिश नाकाम

चालक ने बताया कि टैंकर में रखे अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की गई. दो फायर एक्सटिंग्विशर इस्तेमाल करने के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका और यह टायरों तक फैल गई. इसके बाद टैंकर आग की चपेट में आ गया.

सूचना मिलने पर बांगो थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची. ईंधन की बड़ी मात्रा को देखते हुए विस्फोट की आशंका के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. आसपास के रिहायशी इलाकों से लोगों को भी सुरक्षा के मद्देनजर हटाया गया.

बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा के अनुसार, दमकल वाहन बुलाकर आग बुझाने की कार्रवाई की गई. आग पर काबू पाने के बाद भी टैंकर गर्म था, इसलिए उसे लगातार ठंडा किया जा रहा था. पुलिस ने घटनास्थल पर सुरक्षा घेरा बनाया और लोगों की आवाजाही रोक दी.