भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित हो गया है. उनका 7 और 8 अक्टूबर को राज्य आने का कार्यक्रम था. दौरा स्थगित होने के कारणों के बारे में उपलब्ध पत्र में केवल ‘अपरिहार्य कारणों’ का उल्लेख किया गया है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने संबंधित विभागों को पत्र भेजकर कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी दी है. कार्यालय के अनुसार, संशोधित कार्यक्रम की तारीख निर्वाचन आयोग से मिलने के बाद अलग से बताई जाएगी. फिलहाल छत्तीसगढ़ दौरे की नई तारीख तय नहीं हुई है.

रायपुर में प्रोटोकॉल तैयारियां शुरू थीं

दौरे के दौरान ज्ञानेश कुमार को राज्य अतिथि के तौर पर ठहराने और उनके लिए आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्था करने की तैयारी थी. इस संबंध में रायपुर कलेक्टर, पुलिस आयुक्त या पुलिस अधीक्षक, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के निदेशक, सुरक्षा अधिकारियों, सीआईएसएफ और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सूचना भेजी गई थी.

नई तारीख मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आगे की जानकारी दी जाएगी. मौजूदा स्थिति में दौरे से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं नई सूचना तक स्थगित रहेंगी.