जांजगीर-चांपा जिले के देवरी गांव में हसदेव नदी में बहे तीन कॉलेज छात्रों में से एक का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम ने पवन लाल का शव नदी से बाहर निकाला. लापता छात्रों सचिन और मुरारी की तलाश के लिए सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया. उसे बचाने के लिए नदी में कूदे दो अन्य छात्र भी तेज बहाव में बह गए.

मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. इस दौरान कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.

पिछले 24 घंटे में बेलरगांव में 120 मिलीमीटर और नगरी में 110 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं. धमतरी जिले में मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं, जिससे धमतरी-नरहरपुर मार्ग बाधित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई.

रायपुर में 12 सितंबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसमी बारिश अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम है.