जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र स्थित देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं. शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है. पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले चार छात्र और चार छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे. पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े थे. इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा. उसे बचाने के लिए पानी में उतरे उसके दोनों साथी भी नदी में बह गए.
घटना की सूचना मिलने पर बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने इसके बाद नदी में तलाश अभियान शुरू किया. शनिवार को पवन लाल का शव बरामद कर लिया गया था. रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सचिन सिंह का शव मिला, जबकि करीब 7 बजे मुरारी साहू का शव बरामद किया गया.
जानकारी के मुताबिक, मुरारी साहू का शव घटनास्थल पर पत्थरों के बीच बनी खोह में फंसा था. बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला.
पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी
हादसे के बाद प्रशासन देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी कर रहा है. एसडीएम ने टापू तक पहुंचने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाने और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश रोकने के लिए चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का उद्देश्य ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकना है.
