भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी 22 और 23 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे. उनका मुख्य कार्यक्रम रायपुर में होगा, जहां वे युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होने के साथ अलग-अलग वर्गों के युवाओं से संवाद करेंगे.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. जोशी 22 नवंबर की रात 9 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की बाइक रैली निकलेगी. रैली के दौरान जैनम मानस भवन, पीटीएस चौक, टेमरी चौक, फुंडहर चौक, मॉल श्री विहार चौक और राम मंदिर में उनके स्वागत का कार्यक्रम है.
कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
23 नवंबर को सुबह 7:30 बजे डॉ. जोशी साइंस कॉलेज में खेल गतिविधियों में शामिल होंगे और खिलाड़ियों से बातचीत करेंगे. सुबह 8:30 बजे अग्रसेन भवन में युवतियों के साथ संवाद का कार्यक्रम है. इसके बाद सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी.
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के शामिल होने की जानकारी दी गई है. प्रदेश सरकार के मंत्री, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में मौजूद रहेंगे. संगठन से जुड़े मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा प्रस्तावित है.
युवाओं और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से संवाद
दोपहर 2 बजे रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में युवा जोहार कार्यक्रम में डॉ. जोशी हिस्सा लेंगे. शाम 4 बजे वे विधि, तकनीक, चिकित्सा, सोशल मीडिया, खेल और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा उद्यमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे.
शाम 5 बजे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ नक्सल मुक्त बस्तर के मुद्दे पर चर्चा होगी. शाम 6 बजे भाठागांव में कार्यकर्ता गृह संपर्क कार्यक्रम के तहत मोहित सोनी के घर जाने का कार्यक्रम है. इसके बाद रात 8 बजे उनके दिल्ली रवाना होने की जानकारी दी गई है.
