भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी 22 और 23 नवंबर को रायपुर प्रवास पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे 22 नवंबर की रात 9 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे. विमानतल पर प्रेस ब्रीफिंग और स्वागत के बाद बाइक रैली निकाली जाएगी. रैली के दौरान शहर के कई स्थानों पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा.

जोशी का रात्रि विश्राम रायपुर के बेबीलॉन इंटरनेशनल में प्रस्तावित है. 23 नवंबर को सुबह 7:30 बजे वे साइंस कॉलेज में खेल गतिविधि और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे. इसके बाद सुबह 8:30 बजे अग्रसेन भवन में आयोजित युवती संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे.

भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक 22 और 23 नवंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रखी गई है. जोशी 23 नवंबर को सुबह 11 बजे इस बैठक में हिस्सा लेंगे. बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजना पर चर्चा प्रस्तावित है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत पार्टी के अन्य नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे.

दोपहर 2 बजे जोशी रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में ‘युवा जोहार’ युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे. शाम 4 बजे विधि, तकनीक, चिकित्सा, सोशल मीडिया, खेल, कृषि, सामाजिक कार्य और अन्य क्षेत्रों से जुड़े युवाओं के साथ विशेष संवाद होगा.

शाम 5 बजे छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ विषय पर चर्चा प्रस्तावित है. इसके बाद शाम 6 बजे कार्यकर्ता गृह संपर्क कार्यक्रम के तहत भाठागांव में एक कार्यकर्ता के निवास पर जाएंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे रात 8 बजे दिल्ली रवाना होंगे.