रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति 2020 के तहत पात्र अभ्यर्थियों के लिए 14 से 16 अक्टूबर 2026 तक काउंसिलिंग आयोजित करेगा.

काउंसिलिंग में पीएटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साथ कक्षा 12वीं की योग्यता के आधार पर पात्र विद्यार्थियों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा. इसमें शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू है. अभ्यर्थी 12 अक्टूबर की रात 11:30 बजे तक पंजीयन और दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे.

जिन अभ्यर्थियों का शुल्क भुगतान असफल रहा है, वे 13 अक्टूबर की रात 11:30 बजे तक दोबारा शुल्क जमा कर सकेंगे.

तीन दिन की काउंसिलिंग समय-सारिणी

14 अक्टूबर को पंजीकृत पीएटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी. 15 अक्टूबर को कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा. 16 अक्टूबर को कक्षा 12वीं उत्तीर्ण अन्य राज्यों के पंजीकृत अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी.

दस्तावेज सत्यापन, प्रावीण्य सूची जारी करने, सीट आवंटन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया कृषि महाविद्यालय, रायपुर में होगी. ऑफलाइन काउंसिलिंग प्रतिदिन सुबह 9 बजे शुरू होगी. अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेज और शुल्क भुगतान से संबंधित विवरण साथ लाने होंगे.