रायपुर. छत्तीसगढ़ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डीप-टेक इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए IIIT नया रायपुर के AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने दो डीप-टेक कंपनियों और स्टार्टअप नेटवर्क TiE रायपुर के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया है. संस्थान के अनुसार, इस साझेदारी से छात्रों को स्थानीय स्तर पर रिसर्च, विशेषज्ञों की मेंटरशिप और रोजगार के अवसर मिलेंगे.
समझौते में अवकलन लैब्स और एक्सस्केल डीपटेक शामिल हैं. इसका उद्देश्य प्रयोगशाला में होने वाली रिसर्च को वास्तविक औद्योगिक और सामाजिक चुनौतियों के समाधान में बदलना है. संस्थान के मुताबिक, छात्रों को बड़े प्रोजेक्ट और आधुनिक रिसर्च के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने के साथ ही पढ़ाई के दौरान स्टार्टअप शुरू करने का अवसर भी मिलेगा.
अवकलन लैब्स की ओर से संस्थापक डॉ. कमल शंकर पटेल, एक्सस्केल डीपटेक की सह-संस्थापक मंजूषा पारियल और TiE रायपुर के अध्यक्ष मनीष मोहता ने MoU पर हस्ताक्षर किए. अवकलन लैब्स NIT रायपुर के पूर्व छात्रों द्वारा स्थापित रिसर्च-आधारित कंपनी है और सिमुलेशन के क्षेत्र में काम करती है. एक्सस्केल डीपटेक की स्थापना 2020 में रितुपर्णा और मंजूषा पारियल ने की थी. कंपनी मैन्युफैक्चरिंग और कृषि के लिए AI समाधान विकसित करती है.
रिसर्च से बाजार तक पहुंचाने की योजना
IIIT ने रिसर्च को प्रोडक्ट और बाजार से जोड़ने के लिए एक चरणबद्ध इनोवेशन पाइपलाइन तैयार की है. पहले उद्योग की समस्या का अध्ययन किया जाएगा, फिर उसका प्रोटोटाइप तैयार होगा. इसके बाद समाधान को स्टार्टअप या प्रोडक्ट के रूप में विकसित कर उद्योग में लागू करने की दिशा में काम होगा.
संस्थान ने B.Tech पाठ्यक्रम में ‘इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट’ को अनिवार्य किया है. IIIT के कुलपति और निदेशक प्रो. ओम प्रकाश व्यास के अनुसार, इससे विद्यार्थी पढ़ाई के दौरान उद्योग की वास्तविक समस्याओं पर काम कर सकेंगे और AI रिसर्च को व्यावहारिक समाधानों में बदलने की प्रक्रिया समझेंगे.
