भिलाई. भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) सहित देश के अन्य इस्पात संयंत्रों में इस्तेमाल होने वाले महंगे आयातित कलपुर्जों के स्वदेशी विकल्प विकसित करने की दिशा में पहल की गई है. बीएसपी एंसिलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और आईआईटी भिलाई रिवर्स इंजीनियरिंग तकनीक के माध्यम से स्थानीय उद्योगों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को तकनीकी सहयोग देंगे.

इस सहयोग को लेकर आईआईटी भिलाई परिसर में संस्थान प्रबंधन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई. इसमें स्थानीय औद्योगिक इकाइयों को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने और आयात पर निर्भरता घटाने के उपायों पर चर्चा की गई. पहल को ‘मेक इन इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों से भी जोड़ा गया है.

3डी स्कैनिंग और सामग्री परीक्षण से तैयार होगा डिजाइन

शुरुआती चरण में रिवर्स इंजीनियरिंग प्रक्रिया पेड ट्रायल के आधार पर संचालित की जाएगी. आईआईटी भिलाई के 3डी स्कैनर, उन्नत सॉफ्टवेयर और कंप्यूटर एडेड डिजाइनिंग तकनीक की मदद से कलपुर्जों की संरचना और बारीकियों का विश्लेषण किया जाएगा.

संस्थान की प्रयोगशाला में संबंधित सामग्री की रासायनिक संरचना और टिकाऊपन की जांच भी होगी. जांच रिपोर्ट और मटेरियल टेस्ट सर्टिफिकेट के आधार पर स्थानीय उद्योग अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के अनुरूप उत्पाद विकसित करने का प्रयास करेंगे.

आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश ने कहा कि संस्थान अपनी प्रयोगशालाओं, उपकरणों और विशेषज्ञता के जरिए उद्योगों को सहयोग देगा. एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दासगुप्ता के अनुसार, स्थानीय एंसिलरी इकाइयों में जटिल कलपुर्जे बनाने की क्षमता है और संस्थान के सहयोग से उसका बेहतर उपयोग किया जा सकेगा.

आगे बीएसपी के उच्च प्रबंधन, एसोसिएशन और आईआईटी भिलाई के बीच त्रिपक्षीय बैठक प्रस्तावित है. इस पहल से स्थानीय विनिर्माण और रोजगार अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.