बस्तर के इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों को शिकारियों के फंदों से बचाने के लिए पहली बार एक प्रशिक्षित स्निफर डॉग तैनात किया गया है. वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड के साथ एंटी-स्नेर वॉक और मॉक ड्रिल शुरू की है.

वन विभाग के अभ्यास में जंगल के एक तय स्थान पर फंदा छिपाकर रखा जाता है. इसके बाद स्निफर डॉग को फंदे की गंध पहचानने और उसके आधार पर सुराग का पीछा करने के लिए छोड़ा जाता है. अभ्यास के दौरान डॉग स्क्वॉड संभावित संदिग्ध के स्थान तक पहुंचने की प्रक्रिया को भी दोहराता है.

विभाग के अनुसार, डॉग को केवल छिपे हुए फंदों की खोज के लिए ही नहीं, बल्कि गंध के आधार पर संभावित शिकारियों के ठिकानों तक पहुंचने का अभ्यास भी कराया जा रहा है. नियमित मॉक ड्रिल का उद्देश्य वन कर्मियों और डॉग हैंडलर के बीच तालमेल बेहतर करना है.

दुर्गम जंगलों में गश्त को मिलेगी मदद

इंद्रावती टाइगर रिजर्व का क्षेत्र घने जंगलों, झाड़ियों और दुर्गम इलाकों वाला है. ऐसे स्थानों पर सामान्य पैदल गश्त के दौरान हर फंदे का पता लगाना चुनौतीपूर्ण होता है. शिकारी फंदा लगाने के बाद तुरंत वहां से हट जाते हैं, जिससे उनकी पहचान और सुराग जुटाना कठिन हो जाता है.

फंदे बाघ, तेंदुए, हिरण और जंगली सूअर समेत कई वन्यजीवों के लिए खतरा बनते हैं. इनमें फंसने से जानवर गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं या उनकी मौत हो सकती है.

इस अभियान में शामिल स्निफर डॉग ने हरियाणा के पंचकूला स्थित डॉग प्रशिक्षण केंद्र से विशेष प्रशिक्षण लिया है. उसके हैंडलर को भी डॉग के शारीरिक संकेत समझने और वन अमले के साथ संयुक्त तलाशी अभियान चलाने का प्रशिक्षण दिया गया है.