बीजापुर में इंद्रावती टाइगर रिजर्व और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में वन्यजीव संरक्षण पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसका उद्देश्य आरक्षित वन क्षेत्र को अवैध फंदों से मुक्त करने और बाघों की वैज्ञानिक निगरानी के लिए मैदानी अमले की क्षमता बढ़ाना था.
कार्यशाला में प्रतिभागियों को जंगल में लगाए जाने वाले अवैध फंदों की पहचान, संवेदनशील इलाकों का चिन्हांकन और व्यवस्थित सर्च तकनीक के बारे में प्रशिक्षण दिया गया. अधिकारियों ने नियमित निगरानी, मैदानी स्तर पर डेटा संकलन और दस्तावेजीकरण के महत्व पर भी जोर दिया.
बाघों की निगरानी के लिए कर्मचारियों को विभिन्न ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई. प्रशिक्षण में बाघों की पारिस्थितिकी, पगमार्क, मल के निशान, पेड़ों पर खरोंच, शिकार के अवशेष, ट्रेल वॉक और कैमरा ट्रैप के इस्तेमाल जैसे विषय शामिल रहे.
आयोजन में रेंज अधिकारियों, उप रेंजरों, बीट गार्ड और पेट्रोलिंग गार्ड समेत विभिन्न श्रेणियों के लगभग 100 अधिकारी और मैदानी कर्मचारी शामिल हुए. प्रशिक्षण का उद्देश्य वन्यजीवों से जुड़े खतरों की समय रहते पहचान करना और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है.
कार्यशाला के बाद प्रशिक्षित कर्मचारियों के जरिए रिजर्व क्षेत्र में गश्त, साक्ष्य-संग्रह और बाघों समेत अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों की निगरानी को मजबूत करने की उम्मीद है.
