अंतरजातीय विवाह के बाद सामाजिक बहिष्कार और सामुदायिक अधिकारों से वंचित किए जाने के आरोपों पर हाईकोर्ट ने जांच अधिकारी को निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से जांच करने का निर्देश दिया है. अदालत ने कहा कि जांच के दौरान उपलब्ध सभी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड पर भी विचार किया जाए.
महासमुंद जिले की निवासी महिला ने याचिका में बताया कि उन्होंने 2 मार्च 2026 को अंतरजातीय विवाह किया था. विवाह प्रमाण-पत्र 8 अप्रैल 2026 को जारी हुआ. विवाह के बाद वह दंतेवाड़ा जिले के बचेली में रह रही हैं.
याचिका के अनुसार, समुदाय के कुछ प्रभावशाली लोगों ने उन्हें सामाजिक दर्जे और उससे मिलने वाले अधिकारों का लाभ उठाने से रोकने की कोशिश की. महिला ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी. उनका कहना था कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन उनके बताए गए सभी निजी प्रतिवादियों के नाम उसमें शामिल नहीं किए गए.
याचिकाकर्ता ने यह भी कहा कि उन्होंने जांच अधिकारी को कुछ इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड सौंपे हैं. उन्होंने अदालत से इन रिकॉर्ड को साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल करने और निजी प्रतिवादियों के नाम एफआईआर में जोड़ने के लिए पुलिस को निर्देश देने की मांग की थी.
अदालत ने किसी व्यक्ति का नाम सीधे जांच में जोड़ने या कोई विशेष दिशा-निर्देश देने से इनकार किया. हालांकि, जांच अधिकारी को पूरी जांच स्वतंत्र रूप से करने और उपलब्ध सामग्री का निष्पक्ष मूल्यांकन करने को कहा गया है.
