छत्तीसगढ़ के सस्पेंडेड IPS अधिकारी रतन लाल डांगी से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में जांच अधिकारी बदले जा सकते हैं. पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट में बताया कि DGP की ओर से गृह सचिव को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया है. प्रस्ताव में IPS दीपांशु काबरा को नया जांच अधिकारी और IPS प्रशांत कुमार अग्रवाल को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी बनाए जाने की बात कही गई है. हालांकि, प्रस्ताव पर सक्षम स्तर से अंतिम निर्णय होना बाकी है.

मामले में पुलिस विभाग में पदस्थ एक SI की पत्नी ने रतन लाल डांगी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. शिकायतकर्ता के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2025 को पुलिस मुख्यालय में शिकायत दी गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि करीब सात साल तक उनका शारीरिक और मानसिक शोषण किया गया. इन आरोपों के बाद डांगी को पद से हटाया गया और बाद में निलंबित कर दिया गया. डांगी ने आरोपों को झूठा बताया है. मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है.

प्राथमिक जांच पर उठाए सवाल

शिकायतकर्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर प्राथमिक जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे. उनका आरोप था कि जांच के दौरान उनका पक्ष उचित तरीके से नहीं सुना गया और आरोपी अधिकारी को बचाने की कोशिश की गई. याचिका में तत्कालीन IG आनंद छाबड़ा और तत्कालीन DIG मिलना कुर्रे को जांच से हटाने की मांग की गई थी. शिकायतकर्ता ने किसी वरिष्ठ, विशेषकर महिला IAS अधिकारी से जांच कराने का अनुरोध किया था.

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पुलिस विभाग से जांच की स्थिति और अब तक की कार्रवाई की जानकारी मांगी. विभाग ने जांच अधिकारी बदलने का प्रस्ताव अदालत के सामने रखा. प्रस्ताव पर फैसला होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी.

शिकायतकर्ता के वकील अभिषेक पांडेय के मुताबिक, मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह होनी है. आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.