छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है. साइबर ठगों ने पुराने बस स्टैंड परिसर स्थित पारस प्रोविजन स्टोर के संचालक शिशुपाल जैन के बैंक खाते से 3.19 लाख रुपये निकाल लिए. पुलिस के अनुसार, ठगी के लिए फर्जी APK फाइल के लिंक का इस्तेमाल किया गया.

52 वर्षीय शिशुपाल जैन के मोबाइल पर एक अनजान APK लिंक भेजा गया था. उन्होंने लिंक खोलने के बाद मोबाइल पर आया OTP ठगों के साथ साझा कर दिया. इसके बाद उनके बैंक खाते से रकम निकल गई. खाते से पैसे कटने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की.

कोतवाली थाने में मामला दर्ज

पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर फ्रॉड और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है. बस्तर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने मामले की पुष्टि की है.

पुलिस की साइबर टीम बैंक खाते से निकाली गई रकम के लेनदेन और उसके संभावित गंतव्य खातों की जांच कर रही है. टीम यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने APK लिंक और OTP के जरिए ठगी को किस तकनीकी माध्यम से अंजाम दिया. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.