छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बाफना हाउस में 21 वर्षीय युवती की मौत के मामले में परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है. परिवार का दावा है कि युवती की हत्या के बाद शव को चुन्नी के फंदे से लटकाया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
परिजनों के मुताबिक, युवती 21 अक्टूबर से बाफना हाउस में काम करने जा रही थी. यहां कपड़े और ज्वेलरी का कारोबार होता है. 1 नवंबर की शाम करीब 6 से 6:30 बजे उसकी परिवार से फोन पर बात हुई थी. उसने बाद में बात करने की बात कही, लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं हो पाया. रात करीब 9:30 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने स्टाफ से जानकारी ली. स्टाफ ने बताया कि युवती शाम करीब 6:30 बजे से दिखाई नहीं दी और उसका मोबाइल दुकान में ही रह गया था.
परिवार का कहना है कि स्टाफ मोबाइल लेकर घर पहुंचा, जिसके बाद परिजन बाफना हाउस गए, लेकिन दुकान बंद मिली. 2 नवंबर की सुबह वे दोबारा वहां पहुंचे. ऊपर जाने पर युवती का शव मिला. उसके गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था और चुन्नी का एक हिस्सा लटक रहा था, जबकि शव जमीन पर पड़ा था.
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
युवती की चाची का कहना है कि अंतिम संस्कार से पहले शव को नहलाते समय शरीर पर चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए. उन्होंने निजी अंग के पास सूजन और रुई मिलने का भी दावा किया. इन्हीं आधारों पर परिवार ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
परिजनों ने बाफना हाउस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि युवती के अंतिम संपर्क, शाम 6:30 बजे के बाद उसकी गतिविधियों और उस समय परिसर में मौजूद लोगों की जांच होनी चाहिए. परिवार ने यह भी कहा है कि बाफना हाउस पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना का है, इसलिए मामले को प्रभावित किए जाने की आशंका है. संतोष बाफना से पक्ष जानने के लिए संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी.
मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली. प्रदर्शनकारी बाफना हाउस पहुंचे, जहां कुछ गमले तोड़े गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने कहा कि पुलिस को फांसी लगाने की सूचना मिली थी. उनके मुताबिक, चुन्नी का फंदा टूट चुका था और शव जमीन पर था. उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी.
