शारदीय नवरात्र के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर, दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जगदलपुर से निश्शुल्क बस सेवा शुरू की गई है. रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत यह पहल की है. विशेष बस सेवा 11 से 15 अक्टूबर तक संचालित होगी.
यह सुविधा जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच रेल सेवा बंद होने से यात्रियों को हो रही आवागमन संबंधी परेशानी को देखते हुए शुरू की गई है. बस सेवा का शुभारंभ रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे और बस्तर राजपरिवार के कमल चंद्र भंजदेव की मौजूदगी में किया गया.
बसों का समय
जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाली बसें सुबह 7 बजे और दोपहर 2 बजे रवाना होंगी. दोनों बसें राजमहल परिसर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से चलेंगी.
दंतेवाड़ा से जगदलपुर के लिए बसों का प्रस्थान समय सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे तय किया गया है. ये बसें दंतेवाड़ा मंदिर परिसर से रवाना होंगी.
वापसी की व्यवस्था खुद करनी होगी
रोटरी क्लब के अनुसार यह सेवा केवल वन-वे ड्रॉप सुविधा है. इसका मतलब है कि बस श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी, लेकिन दर्शन के बाद वापसी की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी. श्रद्धालु दंतेवाड़ा से जगदलपुर लौटने के लिए उपलब्ध तय समय वाली बस के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं.
इस पहल का संयोजन रोटरी क्लब के उपाध्यक्ष और प्रोजेक्ट चेयरमैन संग्राम सिंह राणा, सचिव अंकित गोयल तथा संयुक्त सचिव सप्तगिरि मद्दी ने किया है.
