बस्तर में पर्यटन की संभावनाओं के बीच जगदलपुर को हरित और सुंदर बनाने के लिए पौधरोपण अभियान शुरू किया गया है. ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ के तहत इंद्रावती से गोरिया बहार तक नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर 2700 से अधिक पौधे लगाए गए.
पौधरोपण कार्यक्रम जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट के सामने आयोजित हुआ. इसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महापौर संजय पांडेय समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए.
पर्यटन और पर्यावरण पर जोर
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और जगदलपुर इस क्षेत्र के पर्यटन का प्रवेश द्वार है. उनके मुताबिक शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने कहा कि पौधों के बड़े होने के बाद इंद्रावती से गोरिया बहार तक का मार्ग हरित कॉरिडोर का रूप ले सकता है.
साव ने शहर के विकास के प्रयासों के लिए महापौर संजय पांडेय की सराहना की और कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी.
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की पहचान जंगल, प्राकृतिक संपदा और हरियाली से है. उन्होंने बताया कि नगर निगम, वन विभाग और एनएचएआई के समन्वय से यह पौधरोपण संभव हुआ.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता को सोशल मीडिया और रील्स के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने महारानी अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में 10 से 12 हजार रुपये तक की जटिल जांच निशुल्क होने और जगदलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज उपलब्ध होने की जानकारी भी दी.
महापौर ने कहा कि शहर का विकास केवल सड़क, नाली और भवनों तक सीमित नहीं है. हरियाली, स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर पर्यावरण भी शहर की पहचान का हिस्सा हैं.
