छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर दशहरा की प्रमुख काछनगादी रस्म शनिवार रात भंगाराम चौक स्थित काछनगुड़ी में पूरी हुई. इस दौरान पनका समाज की 12 वर्षीय पीहू दास पर काछनदेवी सवार हुईं और बेल के कांटों से बने विशेष झूले पर झूलकर बस्तर दशहरा मनाने की अनुमति दी. इस परंपरा को करीब 618 साल पुराना माना जाता है.
पीहू दास पांचवीं कक्षा में पढ़ती हैं और इस बार पांचवीं बार काछनगादी की रस्म में शामिल हुईं. रस्म से पहले उन्होंने करीब नौ दिनों तक देवी की पूजा की और उपवास रखा. इससे पहले पनका समाज की अनुराधा करीब पांच से छह वर्षों तक यह जिम्मेदारी निभा चुकी हैं.
पीढ़ियों से बन रहा कांटों का झूला
काछनगादी में इस्तेमाल होने वाला बेल की कांटेदार डालियों से बना झूला भी परंपरा का अहम हिस्सा है. लामनी निवासी जगत राम नेताम का परिवार करीब 22 पीढ़ियों से यह झूला तैयार करता आ रहा है. परिवार के सदस्य जंगल से बेल की डालियां लाकर झूला बनाते हैं. रस्म के दौरान परिवार के घर में नौ दिनों तक अखंड दीपक जलाया जाता है.
काछनगादी हर साल नवरात्र से एक दिन पहले होती है. इस अवसर पर बस्तर राजपरिवार के सदस्य और दशहरा समिति के पदाधिकारी काछनगुड़ी पहुंचकर देवी से उत्सव की अनुमति मांगते हैं. अनुमति मिलने के बाद आतिशबाजी की जाती है. काछनदेवी को रण की देवी भी कहा जाता है.
रस्म के बाद जगदलपुर के गोल बाजार में रैला देवी की पूजा की गई. अब 12 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ जोगी बिठाई रस्म होगी. 75 दिवसीय बस्तर दशहरा की शुरुआत 12 अगस्त को पाट जात्रा से हुई थी.
