बस्तर संभाग में सड़क हादसों और अन्य गंभीर मामलों के इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर शुरू किया गया है. डिमरापाल स्थित शहीद महेंद्र कर्मा स्मृति चिकित्सालय में तैयार इस केंद्र पर 20 बेड, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और ICU की सुविधा उपलब्ध है. केंद्र को तैयार करने और संचालित करने के लिए करीब 6 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
इस राशि में 1.50 करोड़ रुपये आधारभूत ढांचे पर और 4.43 करोड़ रुपये चिकित्सा उपकरणों पर खर्च किए गए हैं. ट्रॉमा सेंटर का उद्देश्य गंभीर मरीजों को हादसे के शुरुआती महत्वपूर्ण समय में स्थानीय स्तर पर जांच और इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें तत्काल बड़े शहरों में रेफर करने की जरूरत कम हो.
कई विशेषज्ञ विभाग एक ही केंद्र पर
केंद्र में न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी, एनेस्थीसिया, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विभागों को जोड़ा गया है. गंभीर सड़क हादसों में सिर, रीढ़ और हड्डियों की चोटों के साथ शरीर के अन्य हिस्सों की चोट का भी उपचार एक ही परिसर में करने की व्यवस्था रहेगी. मरीज की स्थिति के आधार पर जांच, ऑपरेशन और ICU में भर्ती का निर्णय विशेषज्ञों की टीम करेगी.
मेडिकल कॉलेज के डॉ. प्रदीप बेक के अनुसार, दुर्घटना के बाद पहला घंटा मरीज की जान बचाने के लिहाज से बेहद अहम होता है. सेंटर में इसी अवधि के दौरान इलाज शुरू करने पर जोर दिया गया है. गंभीर मामलों में मरीज की स्थिति स्थिर करने के बाद ही दूसरे शहर रेफर करने का फैसला किया जा सकेगा.
60 पद स्वीकृत
ट्रॉमा सेंटर के नियमित संचालन के लिए 60 नए पद स्वीकृत किए गए हैं. इनमें डॉक्टरों के साथ नर्सिंग, तकनीकी और अन्य जरूरी स्टाफ शामिल होगा. अलग-अलग विभागों के समन्वय से 24 घंटे सेवाएं चलाने की योजना है.
जगदलपुर का केंद्र वर्ष 2020-21 में स्वीकृत उन ट्रॉमा सेंटरों में शामिल है, जिन्हें रायगढ़ और अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के साथ मंजूरी मिली थी.
लोकार्पण कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बस्तर में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए तकनीकी मानव संसाधन और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 35 लाख लोगों की जांच और 11 हजार गंभीर मरीजों को रायपुर भेजे जाने की जानकारी दी.
मंत्री के मुताबिक, जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से 90 सीटों वाले पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे. जगदलपुर में 100 बेड के मानसिक चिकित्सालय को भी अगले दो से तीन महीनों में पूरी तरह शुरू करने की तैयारी है.
