जगदलपुर में बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आदिवासी समाज की पारंपरिक न्याय व्यवस्था की सराहना की. उन्होंने कहा कि मांझी से परगना तक फैली विवाद समाधान की परंपरा जनजातीय समाज के लिए एक तरह के अलिखित संविधान की ताकत रखती है.
राष्ट्रपति ने अदालतों और थानों में मामलों के निपटारे में लगने वाले लंबे समय का उल्लेख करते हुए आधुनिक न्याय व्यवस्था की चुनौती पर चिंता जताई. उन्होंने बताया कि गांव में मांझी विवाद से जुड़े सभी पक्षों को सुनकर समाधान खोजने का प्रयास करते हैं. सहमति नहीं बनने पर मामला पीड़ परगना और उसके बाद देश परगना तक पहुंचता है. बड़ी समस्याओं पर कई दिनों तक विचार-विमर्श किया जाता है.
मुरिया दरबार में पारंपरिक प्रतिनिधियों से संवाद
राष्ट्रपति शुक्रवार को जगदलपुर पहुंचीं और सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए. इसके बाद उन्होंने सिरासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में मांझी-चालकियों से संवाद किया. पारंपरिक प्रतिनिधियों ने उन्हें मुरिया दरबार की ऐतिहासिक परंपरा, जनजातीय संस्कृति और वनांचल के जीवन के बारे में जानकारी दी. बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ने अपने पारिवारिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा, “मैं भी मांझी की बेटी हूं.”
मुर्मु ने शिक्षा और विकास के साथ जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान बचाए रखने का आह्वान किया. उन्होंने छत्तीसगढ़ में माओवादी हिंसा से मुक्ति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में आए बदलावों की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयास महत्वपूर्ण हैं.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर हिंसक माओवाद से मुक्त होकर नवनिर्माण की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया.
