आत्म उत्क्रांति आध्यात्मिक चातुर्मास-2026 के तहत पर्युषण महापर्व के बाद भी दादाबाड़ी और सदर बाजार जैन मंदिर में धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे. 16 से 18 सितंबर तक तपस्वियों के पारणा, तप आराधकों के सम्मान, वरघोड़ा और सामूहिक क्षमायाचना के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
16 सितंबर को सुबह 7:30 बजे दादाबाड़ी स्थित श्री जिनकुशल सूरी हॉल में तपस्वियों का सामूहिक पारणा होगा. इसमें मंजुलाश्रीजी आदि ठाणा की मौजूदगी रहेगी.
17 सितंबर को सुबह 8 बजे तप आराधकों का वरघोड़ा निकलेगा. इसके बाद सुबह 9 बजे तपस्वियों का सम्मान और 10 बजे सामूहिक क्षमायाचना होगी. कार्यक्रम के बाद साधार्मिक वात्सल्य का आयोजन किया जाएगा.
18 सितंबर को सुबह 9 बजे दादाबाड़ी में सम्मेद शिखर तप आराधकों का पारणा होगा. इस आयोजन में भी मंजुलाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा की उपस्थिति रहेगी.
उपवास करने वाले तपस्वियों का सम्मान
सदर बाजार जैन मंदिर में संवत्सरी के अवसर पर रंगोली, भगवान की आंगी और मांडला से विशेष सजावट की गई है. मंदिर प्रबंधन के अनुसार श्रद्धालु सजावट के साथ भगवान के दर्शन कर सकेंगे.
चातुर्मास के दौरान निखिल बाखड़ा ने 11 उपवास किए. मौली भंसाली, प्रेरणा सुराना और नेहल बैद ने 10-10, गुण बरलोटा और हर्ष पुगालिया ने 9-9, जबकि अनायशा कानूगा, नवनीत दुग्गड़ और कल्पना लुंकड़ ने 8-8 उपवास किए. मंजू बाई कोटेचा का तेला भी पूरा हुआ. सभी तपस्वियों का श्रीसंघ की ओर से सम्मान किया गया. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है.
