बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने ठाकुर रामचंद्र जी स्वामी जैतूसाव मठ पब्लिक ट्रस्ट, रायपुर की संपत्तियों के राजस्व रिकॉर्ड में कलेक्टर का नाम मैनेजर या सर्वराकार दर्ज किए जाने के खिलाफ दायर याचिका खारिज कर दी. अदालत ने स्पष्ट किया कि मंदिर या धार्मिक संपत्ति के प्रबंधन का अधिकार रखने वाला पुजारी उस संपत्ति का स्वतंत्र मालिक नहीं बन जाता.

यह याचिका रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित जैतूसाव मठ के महंत राम आशीष दास ने दायर की थी. उन्होंने खुद को दिवंगत महंत राम भूषण दास का शिष्य बताया था. महंत राम भूषण दास 16 नवंबर 2007 को निधन से पहले ट्रस्ट के सर्वराकार थे. याचिकाकर्ता ने वसीयत, गोद लेने के दस्तावेज और सर्वराकार के रूप में नियुक्ति से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर ट्रस्ट की संपत्तियों पर अपना अधिकार जताया था.

मामले में भरेंगा और भटगांव स्थित कृषि भूमि समेत अन्य संपत्तियों के राजस्व रिकॉर्ड से दिवंगत महंत का नाम हटाकर कलेक्टर का नाम दर्ज करने की मांग की गई थी. याचिकाकर्ता ने इस कार्रवाई और 28 अप्रैल 2016 के राजस्व मंडल के आदेश को चुनौती दी थी.

देरी को भी आधार माना

हाईकोर्ट ने कहा कि आदेश को चुनौती देने वाली याचिका 28 अगस्त 2021 को दाखिल की गई, यानी पांच साल से अधिक की देरी के बाद. अदालत के अनुसार, इस देरी का संतोषजनक कारण नहीं बताया गया.

अदालत ने यह भी कहा कि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज प्रविष्टि से याचिकाकर्ता के सर्वराकार पद या ट्रस्ट की संपत्ति पर वास्तविक अधिकार का अंतिम निर्धारण नहीं होता. यदि याचिकाकर्ता सक्षम न्यायालय या प्राधिकारी के सामने अपना अधिकार साबित करता है, तो राजस्व प्रविष्टियां उस निर्णय के अधीन रहेंगी.

सुप्रीम कोर्ट के ‘पुजारी उत्थान एवं कल्याण समिति’ मामले में बताए गए सिद्धांत का उल्लेख करते हुए हाईकोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत हस्तक्षेप से इनकार कर दिया और याचिका खारिज कर दी.