जांजगीर जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के हरदी महामाया गांव में घर बंद कर तालाब में नहाने जाना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया. 9 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे अनिल घर में ताला लगाकर तालाब गए थे. लौटने पर उन्हें रसोई के बर्तन गायब मिले और अलमारी का ताला टूटा हुआ था.

शिकायत के अनुसार, चोर चांदी का गंज, कढ़ाई, लोहे की कढ़ाई, थाली, कटोरी और चम्मच के अलावा 3,200 रुपये नकद ले गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना के समय रामू वर्मा को अनिल के घर के आसपास संदिग्ध स्थिति में देखा गया था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में रामू ने चोरी की बात स्वीकार की.

इसके बाद उसके घर दबिश देकर बिस्तर के नीचे छिपाए गए चांदी और लोहे के बर्तन बरामद किए गए. बरामद सामान की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी 3,200 रुपये खर्च कर चुका था.

रामू वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.