छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बिर्रा पुलिस ने 1.24 किलोग्राम गांजे के साथ 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है. आरोपी की पहचान शुभम केंवट के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद ग्राम बिर्रा स्थित उत्तम ढाबे के पास घेराबंदी की गई. इसी दौरान संदिग्ध हालत में मिले शुभम केंवट को पकड़ा गया. वह ग्राम डोमाडीह, थाना हसौद, जिला सक्ती का निवासी बताया गया है.

झोले से बरामद हुआ गांजा

तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद सफेद-लाल रंग के झोले से भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटा पदार्थ मिला. पुलिस के अनुसार जांच में उसका वजन 1.24 किलोग्राम पाया गया और उसे गांजा बताया गया. पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है.

बिर्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया. कार्रवाई के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई.