जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘BDG’ यानी बिग डैडी गेम से जुड़े मामले में महाराष्ट्र के पुणे से किरण महादु साल्वे को गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपी को इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड बता रही है. उसे जांजगीर लाकर न्यायालय में पेश किया गया. इस मामले में छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं.

पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क में मोबाइल ऐप के साथ WhatsApp ग्रुप, Telegram चैनल और USDT क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसों का लेन-देन किया जाता था. आरोपी के बैंक खाते में मौजूद करीब डेढ़ लाख रुपये की राशि फ्रीज कराने की कार्रवाई भी की गई है.

सूचना से शुरू हुई जांच

साइबर थाना जांजगीर को न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव के मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी. पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई कर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, हेमलाल ने BDG गेम की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा से मिलने की जानकारी दी.

जांच में शैलेंद्र ने कथित तौर पर बताया कि वह BDG ऐप की मास्टर आईडी और लिंक WhatsApp के जरिए दूसरे सहयोगियों तक पहुंचाता था. पुलिस का कहना है कि नेटवर्क में लिंक के जरिए नए लोगों को जोड़ा जाता था और उनके लगाए गए दांव पर ऊपर के एडमिन को कमीशन मिलता था. शैलेंद्र की निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में Telegram पर ‘ईगल BDG गेम’ नाम से चैनल चलाने और शैलेंद्र को जांजगीर जिले का प्रमुख एडमिन बनाए जाने की जानकारी सामने आई. चैट और लेन-देन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किरण साल्वे को आरोपी बनाया गया.

मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत प्रकरण दर्ज है. पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कनेक्शनों की जांच कर रही है.