जांजगीर-चांपा जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की. मुलमुला और बलौदा पुलिस ने कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में ₹17,520 नकद, ताश की गड्डियां और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है.
मुलमुला-बरछा के पास कार्रवाई
मुलमुला पुलिस को ग्राम मुलमुला-बरछा के पास सार्वजनिक स्थान पर रुपये लगाकर काटपत्ती जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर दबिश देकर रामगोपाल धीवर (32), दुष्यंत कश्यप (44) और अमरकांत सिंह (55) को पकड़ा. तीनों मुलमुला के निवासी बताए गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, यहां से ₹7,220 नकद, 52 पत्ती ताश, एक बोरी और मोमबत्ती जब्त की गई.
बुडगहन जंगल के पास घेराबंदी
दूसरी कार्रवाई में बलौदा पुलिस ने ग्राम बुडगहन के जंगल के पास घेराबंदी की. यहां से सत्यप्रकाश पटेल (32), आनंद कुमार राठौर (29) और इन्द्रमणी यादव (36) को गिरफ्तार किया गया. सत्यप्रकाश पटेल और इन्द्रमणी यादव कोरबा जिले के उतरदा निवासी, जबकि आनंद कुमार राठौर जांजगीर की पुरानी बस्ती के निवासी बताए गए हैं.
पुलिस ने इस कार्रवाई में ₹10,300 नकद, 52 पत्ती ताश और बोरा-फट्टी जब्त करने की जानकारी दी है. सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के अनुसार, जिले में जुआ-सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
