छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 4.258 किलोग्राम गांजा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. जब्त गांजे की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, मुलमुला थाना प्रभारी को इलाके में गांजे की अवैध तस्करी और बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम गठित कर बोरसी से कोसा जाने वाले मार्ग पर स्थित पुल के पास घेराबंदी की गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे तीन लोगों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें गांजा और अन्य सामान बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुलमुला थाना क्षेत्र के बोरसी निवासी 45 वर्षीय गणेश अग्रवाल, पामगढ़ थाना क्षेत्र के व्यासनगर निवासी 53 वर्षीय रामसागर कौशिक और इसी क्षेत्र के 32 वर्षीय एस. कुमार दिवाकर के रूप में हुई है.
पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है. पूछताछ और गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
