जांजगीर-चांपा पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए एक युवक को मिलने बुलाकर कथित तौर पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं.

पुलिस के अनुसार, जिला रायगढ़ निवासी शिकायतकर्ता मनीष वर्मा की स्नैपचैट के जरिए रायगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पहचान हुई थी. बातचीत के दौरान युवती उसे चांपा आने के लिए बुलाती रही. 4 नवंबर को मनीष अपने दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा. युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ा और उसके साथ आगे चला गया.

शिकायत के मुताबिक, रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास पांच युवक कार के पास पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने चाकू दिखाकर युवक को बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से मारपीट की. पुलिस को दी गई शिकायत में 60 हजार रुपये नकद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटने की बात कही गई है. आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी.

पुलिस ने बताया कि युवती की भी इस वारदात में कथित मिलीभगत सामने आई है. शिकायत के आधार पर कोतवाली जांजगीर थाने में अपराध क्रमांक 917/2026 दर्ज किया गया है. मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) के तहत दर्ज कर विवेचना में लिया गया है.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमित राठौर, रवि झलरिया, किशन कर्ष, कुनाल पाण्डेय, मुकेश कश्यप उर्फ छोटू और रायगढ़ क्षेत्र निवासी युवती शामिल हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच जारी रखी है. आरोप अदालत में सिद्ध होना बाकी हैं.