जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ, जब सब्जी बाड़ी में काम करने गए छह लोग वर्षा से बचने के लिए एक झोपड़ीनुमा घर में रुके थे.

अचानक तेज गर्जना के साथ झोपड़ी पर बिजली गिर गई. पुलिस के अनुसार, तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलसकर घायल हुए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के मुताबिक, मृतकों की पहचान नरेश खैरवार (24), रामभरोश पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) के रूप में हुई है. नरेश खैरवार महुदा निवासी थे.

घायलों में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई पटेल (46) और बैशाखू (32) शामिल हैं. तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.

सूचना मिलने के बाद बलौदा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मामले की जांच जारी है. हादसे के बाद महुदा गांव में शोक का माहौल है.