छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों को पिलाने के आरोप में पुलिस ने राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है. मृतकों की पहचान बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) के रूप में हुई है. मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र के पनगांव का है.

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की शाम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास एक चखना दुकान में शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम में जहर दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की.

उधारी के 10 लाख रुपए का विवाद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजा खरे ने करीब चार महीने पहले जोहित खरे से 10 लाख रुपए उधार लिए थे. रकम लौटाने के लिए दिए गए उसके दो चेक बाउंस हो गए थे. 23 अक्टूबर को जोहित ने फोन कर पैसे वापस मांगे थे. पुलिस का कहना है कि इसके बाद राजा ने मिलने के बहाने शराब मंगवाई और उसमें अपनी जेब में रखी पुड़िया से सुहागा मिला दिया.

जांच के अनुसार, राजा ने मुकेश कश्यप से Imperial Blue शराब के तीन क्वार्टर मंगवाए थे. एक क्वार्टर दोनों ने पी और दूसरे में कथित तौर पर सुहागा मिलाकर जोहित और रामखिलावन को दिया गया. पुलिस के पहुंचने पर मुकेश मौके से भाग गया, जिसकी तलाश जारी है.

अस्पताल में जोहित ने अपनी बेटी को कथित तौर पर बताया था कि राजा ने शराब में कुछ मिलाकर उसे पिलाया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त करने की बात कही है. राजा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है.