जांजगीर-चांपा जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई. तीन लोग घायल हुए हैं. पहला हादसा खिसोरा गांव के पास भारतमाला फोरलेन पर हुआ, जबकि दूसरा हादसा बुची हरदी गांव के आगे नीलकंठ पेट्रोल पंप के सामने हुआ.

भारतमाला मार्ग पर बाइक रेलिंग से टकराई

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर से बालको क्षेत्र के ग्राम बुंदेली लौट रहा एक परिवार बाइक से जा रहा था. खिसोरा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी साइड शोल्डर रेलिंग से टकरा गई.

हादसे में बाइक सवार दिलीप कोसले (40) और उनकी पत्नी ऊषा कोसले (36) की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी 16 वर्षीय बेटी शिवानी कोसले गंभीर रूप से घायल हुई है. बलौदा पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा भेजा. शिवानी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया.

पिकअप पलटने से मजदूर की मौत

दूसरी घटना में सीमेंट से भरी पिकअप बलौदा से पोंडी दल्हा की ओर जा रही थी. पुलिस के मुताबिक, बुची हरदी के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. पिकअप के पीछे बैठे चारपारा निवासी मनीराम (29) की मौके पर मौत हो गई. वाहन में सवार दो अन्य युवक घायल हुए हैं.

हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मनीराम का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. दोनों मामलों की जांच जारी है.