जांजगीर जिले के ग्राम कन्हाईबंद में मेसर्स मां शारदा लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड को कोयला भंडारण के लिए मिली अनुमति जिला प्रशासन ने रद्द कर दी है. जांच में कंपनी का कोल डिपो स्वीकृत क्षेत्र से अधिक जमीन पर संचालित पाया गया.

प्रशासन के अनुसार, कंपनी को 1.503 हेक्टेयर में कोयला रखने की अनुमति थी, जबकि जांच के दौरान करीब 1.948 हेक्टेयर क्षेत्र में कोल डिपो चलता मिला. जांच में डिपो की चारों तरफ पर्याप्त घेराबंदी नहीं होने और कोयले की आवक-जावक का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई.

रिपोर्ट में मजदूरों के लिए प्राथमिक उपचार और आग बुझाने के जरूरी इंतजाम नहीं मिलने का उल्लेख है. इसके अलावा बिना अनुमति निर्माण, पर्याप्त पौधे नहीं लगाने और प्रदूषित पानी को साफ किए बिना नाले में छोड़ने से जुड़ी कमियां भी दर्ज की गईं. डिपो से संबंधित दस्तावेजों में रेलवे अंडरब्रिज को सही तरीके से नहीं दिखाने की बात भी जांच में कही गई है.

शिकायत के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जांच के निर्देश दिए थे. जांच रिपोर्ट के आधार पर कंपनी को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा गया. प्रशासन के मुताबिक, जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर अनुमति निरस्त की गई.

कंपनी को 26 फरवरी 2020 से 25 फरवरी 2030 तक एक समय में अधिकतम 80 हजार मीट्रिक टन कोयला रखने की अनुमति मिली थी. नियमों के उल्लंघन के आधार पर अब यह अनुमति रद्द कर दी गई है.