उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर शनिवार को बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने जांजगीर-खोखरा जिला जेल का निरीक्षण किया. टीम ने जेल में बंदियों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली.

निरीक्षण में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहअध्यक्ष जयदीप गर्ग, प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार कुशवाहा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क शामिल रहे. अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, कानूनी सहायता और बंदियों से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

लीगल एड क्लिनिक और हेल्प डेस्क की जांच

अधिकारियों ने जेल के लीगल एड क्लिनिक, बंदियों के परिजनों के लिए बनाए गए मुलाकाती हेल्प डेस्क और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का जायजा लिया. इसके अलावा जेल भवन, बैरकों, मुलाकात कक्ष, शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था भी देखी गई.

टीम ने शिकायत पेटी, बंदियों के कपड़ों और प्राथमिक उपचार की सुविधा के बारे में जानकारी ली. अधिकारियों ने बंदियों से उनके मामलों से जुड़ी समस्याएं पूछीं और कानूनी सहायता की स्थिति पर भी चर्चा की.

निरीक्षण के दौरान जेल के विभिन्न रजिस्टरों और अन्य स्थानों पर जातिगत भेदभाव से जुड़ी स्थिति की जानकारी भी ली गई. जेल अधीक्षक डी.डी. टोडर, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के वकील लिलेश्वर प्रसाद रत्नाकर, पैरालीगल वालेंटियर जयराम गढ़ेवाल और संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी समेत कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.