जांजगीर जिले के ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40) को रायपुर से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आरोपी इतवारी सूर्यवंशी (42) को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है.

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे खोखरा के सूर्या चौक पर कौशल, इतवारी और देवनारायण सूर्यवंशी साथ बैठे थे. इसी दौरान उधारी के पैसों को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि देवनारायण के सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना 19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली जांजगीर में दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. जांच में फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई. पुलिस के मुताबिक, ट्रैकर डॉग ‘गब्बर’ घटनास्थल से कौशल के घर तक पहुंचा, लेकिन वह वहां नहीं मिला.

पुलिस टीम ने बाद में कौशल को रायपुर से हिरासत में लेकर जांजगीर लाया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने पैसों के विवाद के बाद देवनारायण पर पत्थर से वार करने की बात स्वीकार की. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.