छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा बरामद किया है. कार्रवाई लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर हुई. पुलिस ने गांजा ले जाने के आरोप में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान UP-71-T-6592 नंबर के टाटा आईसर मिनी ट्रक को रोका गया. वाहन में सवार युवकों ने अपनी पहचान मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) के रूप में बताई.

14 बोरियों से मिले 440 पैकेट

पूछताछ में दोनों ने ट्रक में मिर्च की बोरियां होने और उन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात कही. संदेह होने पर पुलिस ने लदे सामान की बारीकी से तलाशी ली. ऊपर मिर्च की बोरियां रखी थीं, जबकि उनके नीचे दूसरी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले.

पुलिस के मुताबिक, 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट बरामद हुए. वजन करने पर इनमें 440.63 किलो गांजा मिला. अधिकारियों के अनुसार, गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है. करीब 20 लाख रुपये कीमत के मिनी ट्रक को भी जब्त किया गया है. गांजा और वाहन समेत जब्त माल की कुल कीमत 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है.

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे. उनसे गांजे की खरीद और प्रयागराज में डिलीवरी से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज पेश नहीं कर सके. पुलिस अब इस मामले में सप्लायर और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है.

जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी है. उनके अनुसार, टीम के समन्वय और सतर्कता से मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाया गया गांजा पकड़ा गया.