छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर 632.380 किलो गांजा जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, यह खेप खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर मिनी ट्रक से ले जाई जा रही थी. कार्रवाई लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर हुई, जो तपकरा थाना क्षेत्र में आता है.

पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मिनी ट्रक (UP-47-AT-9839) को रोककर तलाशी ली गई. ट्रक के ऊपर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी थीं. इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले.

जांच में 20 बोरियों से गांजे के 597 पैकेट बरामद हुए. पुलिस ने ट्रक चालक विनोद कुमार गुप्ता (42), निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात बताई, हालांकि वह परिवहन से जुड़े दस्तावेज पेश नहीं कर सका.

पुलिस ने गांजे के अलावा मिनी ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3,000 रुपए नकद जब्त किए हैं. गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपए, ट्रक की करीब 25 लाख रुपए और मोबाइल की करीब 25 हजार रुपए बताई गई है. नकद सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए आंका गया है.

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

तपकरा थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 20(बी)(ii)(सी) और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब गांजा कहां से खरीदा गया और उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, इसी बैरियर पर दो दिन पहले भी मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो गांजा बरामद हुआ था. उस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था.