छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित कैंप कार्यालय में परियोजना का भूमिपूजन किया.

परियोजना से 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को लाभ मिलने का दावा किया गया है. इसके तहत 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है. इससे किसानों को खरीफ के अलावा रबी फसल के लिए भी पानी मिल सकेगा.

मुख्यमंत्री के अनुसार, पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसान कई बार वर्षा पर निर्भर रहते हैं. परियोजना पूरी होने के बाद साल में एक से अधिक फसल लेने की संभावना बढ़ेगी, जिससे कृषि आय में मदद मिल सकती है.

परियोजना में सिंचाई प्रणाली का संचालन मोबाइल के माध्यम से करने की व्यवस्था प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री ने इसे आधुनिक तकनीक आधारित राज्य की पहली ऐसी परियोजना बताया. इसका उद्देश्य जल प्रबंधन को आसान बनाना और जरूरत के समय खेतों तक पानी पहुंचाना है.

बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा. बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली और बांसबहार समेत 13 गांवों के किसान इससे लाभान्वित होंगे.