जशपुर जिले में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को एस्ट्रोनाट ट्रेनिंग इनीशिएटिव परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा के लिए 10,336 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जबकि 9,533 परीक्षार्थी इसमें शामिल हुए. परीक्षा जिले के 192 केंद्रों पर कराई गई.

जिला शिक्षाधिकारी नरेंद्र सिन्हा के अनुसार, परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई. यह कार्यक्रम जिला प्रशासन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के NGO के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जा रहा है. इसके तहत जिला प्रतिभा खोज, मिनी प्रोजेक्ट, साक्षात्कार और अंतरिक्ष विज्ञान प्रशिक्षण शिविर जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं.

चयन के बाद प्रशिक्षण और भ्रमण

परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों में से 200 छात्रों का चयन मिनी प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा. इसके बाद मिनी प्रोजेक्ट के आधार पर 100 विद्यार्थियों को रायपुर स्थित अंतरिक्ष केंद्र में प्रशिक्षण के लिए चुना जाएगा. इस चरण से 50 छात्रों को बेंगलुरु स्थित ISRO केंद्र के भ्रमण का अवसर मिलेगा. उन्हें अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से मिलने का अवसर भी दिया जाएगा.

जिले में इस परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया. स्रोत के अनुसार, शुभांशु शुक्ला 4 फरवरी को जशपुर पहुंचे थे और रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया था. उन्होंने अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े अनुभव साझा किए और छात्रों के सवालों के जवाब दिए थे.

विद्यार्थियों की अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि और जिज्ञासा को देखते हुए उनके NGO ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर ‘अंतरिक्ष संगवारी’ के तहत यह प्रशिक्षण पहल शुरू की है.