जशपुर जिले में पुलिस ने गौवंशों के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के आरोपों से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में 13 गौवंशों को मुक्त कराया गया और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया. कार्रवाई ऑपरेशन शंखनाद के तहत की गई.
पहली कार्रवाई सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग दमेंरा जंगल से जकबा होते हुए नौ गौवंशों को पैदल झारखंड ले जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, जकबा में दो लोग पशुओं को ले जाते और उनके साथ मारपीट करते दिखाई दिए. पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की. एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि दूसरा जंगल में फरार हो गया.
पकड़े गए आरोपी की पहचान यूसुफ अंसारी (48), निवासी डडगांव, चौकी मनोरा, जशपुर के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, परिवहन से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर नौ गौवंशों को मुक्त कराया गया. पूछताछ के आधार पर कुरैशी (32), मो. एजाज अंसारी (36) और हेमंत यादव (37) को भी गिरफ्तार किया गया. इस मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है.
दूसरी कार्रवाई कुनकुरी थाना क्षेत्र में लोयोला स्कूल के सामने नेशनल हाईवे पर हुई. पुलिस ने पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-CG-8166 को रोककर तलाशी ली. वाहन में चार गौवंश मिले. पुलिस के मुताबिक, वाहन सवार आमोद राम (24), मंगरा राम (45) और अल्फोना कुजूर (42) वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. तीनों को गिरफ्तार कर पिकअप जब्त कर लिया गया.
पुलिस ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया है. एएसपी राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी.
