जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दीपावली मनाई. मुख्यमंत्री ने अपने निवास के आंगन में दीप प्रज्ज्वलित कर सुख, समृद्धि और खुशहाली का संदेश दिया.
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे लोगों और कर्मचारियों के साथ भी उन्होंने त्योहार की खुशियां साझा कीं. परिवार के सदस्यों के साथ साय ने फुलझड़ियां और अनार जलाकर दीपोत्सव मनाया. दीपों की रोशनी और आतिशबाजी के बीच मुख्यमंत्री निवास पर उत्सव का माहौल रहा.
प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
साय ने कहा कि दीपावली खुशियों और उमंग का त्योहार है. यह पर्व परिवार के साथ समय बिताने और आपसी प्रेम व आत्मीयता को मजबूत करने का अवसर देता है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी सद्भाव बनाए रखने और जीवन में नई ऊर्जा व उत्साह के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है.
