जशपुरनगर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार के साथ दीपावली मनाई. बगिया स्थित उनके घर पर दिनभर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के उनसे मिलने का सिलसिला चलता रहा. लोगों ने मुख्यमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने पत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के आंगन में दीप जलाए. परिवार ने फुलझड़ियां और अनार भी जलाए. इस अवसर पर साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई दी और त्योहार को आशा, विश्वास, प्रेम तथा सद्भाव का उत्सव बताया.
उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है. यह पर्व भाईचारे और एकता को मजबूत करने की प्रेरणा भी देता है. मुख्यमंत्री ने कामना की कि दीपावली का प्रकाश प्रदेश के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि लाए तथा छत्तीसगढ़ विकास और उन्नति के नए कीर्तिमान स्थापित करे.
लोगों की समस्याएं सुनीं
दीपावली की शुभकामनाएं देने पहुंचे कई लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं. साय ने उनकी बातें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों तथा मामलों पर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.
बस्तर दौरे को बताया गौरवपूर्ण अवसर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे के लिए उनका आभार जताया. उन्होंने प्रधानमंत्री के बस्तर आगमन को पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और ऐतिहासिक अवसर बताया.
साय ने कहा कि बस्तर नक्सलवाद के साये से निकलकर नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उनके अनुसार, बस्तर अब शांति, विकास और विश्वास के माहौल में विकास की नई पहचान बना रहा है.
