जशपुरनगर. 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठित करने की कवायद शुरू की है. इसी क्रम में मनोरा में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया.
शिविर में कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा, संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के तरीकों की जानकारी दी गई. अलग-अलग जिलों से पहुंचे प्रशिक्षकों ने चुनावी तैयारी और गांव-गांव में संगठन को सक्रिय बनाने को लेकर मार्गदर्शन दिया.
प्रशिक्षण में देवेंद्र शर्मा (ग्वालियर), शबीना (यवतमाल), मिथुन (बैतूल), अशोक चतुर्वेदी (रायपुर) और अनूप चतुर्वेदी (दुर्ग) शामिल हुए. कांग्रेस जिलाध्यक्ष यूडी मिंज के अनुसार, शिविर में महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के योगदान पर चर्चा की गई.
विचारधारा और संवैधानिक मूल्यों पर चर्चा
प्रशिक्षकों ने स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस की भूमिका और महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों के बारे में बताया. सामाजिक न्याय, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने और उनके अधिकारों के लिए काम करने का आह्वान किया गया.
प्रभात फेरी के बाद सफाई अभियान
शिविर के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनोरा में प्रभात फेरी निकाली और श्रमदान किया. हाथों में झाड़ू लेकर बस स्टैंड, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सफाई की गई. इसके अलावा सद्भाव भवन परिसर में पौधरोपण भी किया गया.
