जशपुर जिले में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आरक्षक अनिल केरकेट्टा के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता मिली है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनकी पत्नी शांति केरकेट्टा को बीमा राशि का चेक सौंपा.
यह भुगतान छत्तीसगढ़ शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक के जरिए किया गया. अनिल केरकेट्टा जशपुर जिले के पत्थलगांव थाने में पदस्थ थे. 24 अप्रैल 2026 को लोरों घाट में हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी. उन्होंने 17 अप्रैल 2007 से जशपुर जिले के पुलिस विभाग में सेवा शुरू की थी.
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशा तिर्की, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय उप महाप्रबंधक आलोक रंजन, एसबीआई जशपुर के मुख्य प्रबंधक समीर कुमार और अग्रणी जिला प्रबंधक राकेश तिवारी मौजूद रहे. अनिल केरकेट्टा के परिवार के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
परिवार को फंड मैनेजमेंट की जानकारी दी गई
पुलिस और बैंक अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई. अधिकारियों ने बीमा से मिली राशि के सुरक्षित और योजनाबद्ध इस्तेमाल को लेकर मार्गदर्शन दिया. परिवार को फंड मैनेजमेंट से जुड़ी जानकारी भी दी गई.
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से लागू की गई है. योजना के तहत ड्यूटी के दौरान या दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिवार को एक करोड़ रुपये तक का बीमा कवर मिलता है, जबकि सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है.
उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपना वेतन खाता एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज में पंजीकृत कराने की अपील की. साथ ही खातों में नॉमिनी और अन्य जरूरी जानकारियां अपडेट रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर परिवार को योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो.
