छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंशों के कथित अवैध परिवहन के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत की गई. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसी अहमद (35), निवासी साईं टांगरटोली, थाना लोदाम, जशपुर और इमरोज खान (40), निवासी बरगीडांड, थाना रायडीह, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई है.

पिकअप से मिले थे 11 गौवंश

पुलिस के अनुसार, 7 दिसंबर 2025 को लोदाम पुलिस को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-10-BS-8773 में गौवंशों को भरकर ले जाया जा रहा है. ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसमें सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए. जांच में पिकअप से 11 गौवंश मिले. पुलिस ने उन्हें मुक्त कराते हुए वाहन जब्त किया और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया.

जांच के दौरान सक्ती जिले के चंद्रपुर निवासी मंजीत जांगड़े (23) की गिरफ्तारी हुई थी. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में बसी अहमद और इमरोज खान की कथित संलिप्तता सामने आई थी. इसके बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे.

अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को सूचना मिलने पर बसी अहमद को लोदाम के बाजार डांड़ क्षेत्र से पकड़ा गया. इमरोज खान को झारखंड के गुमला जिले में उसके गृह क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जब्त किए गए.

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.