छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत मनोरा पुलिस ने पुराने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ दिन पहले एक अलग गौ तस्करी मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए थे. इसके बाद मूटू-जकबा जंगल से जुड़े मामले में उन्हें दोबारा गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूसुफ अंसारी (43), एजाज अंसारी (32) और मो. हलीम कुरैशी (32) के रूप में हुई है. यूसुफ और एजाज जशपुर जिले के डड़गांव के रहने वाले हैं, जबकि हलीम कुरैशी झारखंड के गुमला जिले के गोविंदपुर गांव का निवासी बताया गया है.
जंगल के रास्ते आठ गौवंश ले जाने का मामला
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मूटू-जकबा जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल हांककर ले जा रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आठ गौवंशों को मुक्त कराया. हालांकि, मौके पर मौजूद आरोपी जंगल और रास्ते का फायदा उठाकर भाग गए थे.
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और जानकारियों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों की पहचान की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, सिटी कोतवाली जशपुर ने 3 नवंबर को दर्ज एक अलग गौ तस्करी मामले में भी तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि जिले में गौ तस्करी में शामिल लोगों पर कार्रवाई जारी रहेगी.
