जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पहले मामले में डायल-112 टीम पर हमला करने के आरोप में योगेश कुमार भगत को पकड़ा गया. दूसरे मामले में शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने की शिकायत पर जगदेव सिंह की गिरफ्तारी हुई है.

डायल-112 वाहन के शीशे टूटे

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात करीब पौने दो बजे मंडी बैरियर के पास एक व्यक्ति के हथियार लहराने की सूचना मिली थी. डायल-112 टीम मौके पर पहुंची तो लोदाम निवासी योगेश कुमार भगत धारदार दाउली लिए मिला. पुलिस का आरोप है कि पूछताछ के दौरान विवाद होने पर उसने दाउली से सरकारी वाहन पर हमला किया.

हमले में वाहन के बाईं ओर के दोनों दरवाजों के शीशे टूट गए. कांच लगने से आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव घायल हुए. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे की दाउली जब्त की है.

शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म का आरोप

दूसरे मामले में 26 वर्षीय युवती ने 17 अक्टूबर को लोदाम थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के मुताबिक, दुलदुला थाना क्षेत्र के गांव निवासी जगदेव सिंह ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. युवती ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने की जानकारी देने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती का बयान लिया और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया. जांच के दौरान मोबाइल फोन और सोनोग्राफी रिपोर्ट जब्त की गई. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.