जशपुरनगर जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई. वन विभाग के अनुसार, जंगल और खेत की सीमा पर वन्यजीवों के शिकार के लिए करीब 1.5 किलोमीटर तक बिजली का तार बिछाया गया था. इसी तार के संपर्क में आने से हाथी की मौत होने की आशंका है.
हाथी का शव 24 सितंबर की सुबह ढोढ़ीआरा गांव के नोनपानी जंगल में मिला था. सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया और जांच शुरू की. विभाग के मुताबिक, तार जंगली सूअर या अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए बिछाया गया था.
तीन मकानों की तलाशी में तार और शिकार सामग्री बरामद
जांच के दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ के बाद ढोढ़ीआरा गांव के तीन मकानों की तलाशी ली गई. वन विभाग ने वहां से करंट लगाने में इस्तेमाल होने वाले तार और अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की. एक मकान से मोर के पंख और वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल होने वाला फंदा भी मिला. बरामद सामान को सीलबंद किया गया है.
वन विभाग के अनुसार, पोनहारी गांव के सलिंदर और रूपेश से पूछताछ तथा उनकी निशानदेही पर जंगल में नाले के पास छिपाकर रखा गया विद्युत तार भी बरामद हुआ. यह स्थान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बताया गया है. तार बिछाने के मार्ग, घटनास्थल और बरामदगी की फोटो व वीडियोग्राफी कराई गई.
छह गिरफ्तार, पांच अन्य संदिग्धों की तलाश
विभाग का कहना है कि पूछताछ में करीब 11 लोगों के समूह के वन्यजीवों के शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार बिछाने में शामिल होने की जानकारी मिली. आरोप है कि हाथी की मौत के बाद तार और अन्य सामग्री को घटनास्थल से हटाकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया.
घटना की सूचना मिलने के करीब 18 घंटे के भीतर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. इनमें समीर टोप्पो, अगसतुस एक्का, रूपेश एक्का, दिनेश राम, सलिंद्र राम और तरसियुस राम शामिल हैं. पांच अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. गिरफ्तार लोगों को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 25 सितंबर की शाम न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई.
मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है. सरगुजा से आए पशु चिकित्सक डॉ. अजीत पांडेय और स्थानीय चिकित्सकों ने हाथी का पोस्टमार्टम किया. नमूने सुरक्षित रखे गए हैं और मौत के वास्तविक कारण की अंतिम पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगी. वन विभाग विद्युत आपूर्ति से जुड़े तकनीकी अभिलेख जुटाने और गिरफ्तार आरोपितों के पुराने संभावित वन्यजीव अपराधों की भी जांच कर रहा है.
