छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चार साल के बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे का रिश्तेदार है और उसने सोशल मीडिया से प्रभावित होकर उसके अंग बेचकर जल्दी पैसे कमाने की योजना बनाई थी.
पुलिस ने आरोपी की पहचान वासुदेव उर्फ तंगनु के रूप में की है. अधिकारियों के मुताबिक, बच्चे के पिता रामजीत राम ने शनिवार को सन्ना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता है. परिवार काम के सिलसिले में करीब एक साल पहले सन्ना गांव आया था और आमाचुआ नदी बांध के पास एक झोपड़ी में रह रहा था.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के अनुसार, परिवार बच्चे की तलाश कर रहा था, तभी पिता को लोधेनापथ महुआ गांव के पास मक्के के खेत में एक गड्ढे में शव मिला. पुलिस का कहना है कि शव बोरी में रखा गया था और उसे कंबल व रजाई में लपेटकर आंशिक रूप से मिट्टी में दबाया गया था.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया है. अधिकारियों के अनुसार, वह दिहाड़ी मजदूरी से होने वाली आय से संतुष्ट नहीं था और सोशल मीडिया पर जल्दी पैसे कमाने के तरीके तलाशता था. पुलिस का आरोप है कि 5 नवंबर को वह बच्चे को बहला-फुसलाकर साथ ले गया. इसके बाद बच्चे की हत्या कर उसके शरीर से कथित तौर पर किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रखे गए.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित हथियार, बाल्टी और अन्य संबंधित सामान बरामद करने की बात कही है. मामले की आगे जांच जारी है.
